लखनऊ। सरोजनीनगर पुलिस ने चोरी व लूट करने वाले पंखिया गिरोह का राजफाश कर चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरोह ने चोरी की छह वारदातें करना कुबूला है। गोसाईंगंज में भाजपा नेता के घर भी इसी गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों के पास से चोरी के जेवर, 25 हजार की नकदी, बाइक व दो तमंचे बरामद हुए हैं। चारों आरोपी कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिए गए।
एडीसीपी साउथ शशांक सिंह ने बताया कि बरेली के अमीन, नाज मोहम्मद, शाहजहांपुर के मुनीश कुमार उर्फ त्यागी व धर्मेंद्र गुप्ता उर्फ कल्लू को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह शहर दर शहर घूमते रहते हैं। यहां तक कि अलग-अलग राज्यों जैसे यूपी, दिल्ली, हरियाणा, बिहार आदि में जाते हैं। डेरा डालकर रहते हैं। रेकी कर चोरी की बड़ी वारदातें अंजाम देकर भाग निकलते हैं। लूट की भी कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। किसी को शक न हो इसलिए वह रेकी से लेकर वारदात को अंजाम देने के लिए भी कार से ही जाते हैं। पकड़े गए चारों आरोपियों के खिलाफ एक दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं।
एडीसीपी ने बताया कि आरोपी शाहजहांपुर के पंखाखेड़ा गांव में बसी पंखिया जाति से संबंधित हैं। इस जाति के लोग शहद निकालते व शिकार करते हैं।मगर ये लोग करीब दो दशक से गिरोह बनाकर चोरी व लूट की वारदातों को अंजाम देने लगे। ये सभी जब वारदात करने जाते हैं तो पक्षियों की आवाज में बातचीत करते हैं। खासकर जब खतरा होता है तो एक-दूसरे को अलर्ट करने के लिए वह पक्षियों की आवाज निकालते हैं।