लखनऊ। न्यू हैदराबाद स्थित बांदी हाउस में शनिवार को ऑल इंडिया इत्तेहाद-ए-मिल्लत कन्वेंशन की ओर से चार चिकित्सकों को लंबे समय तक उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। शिया व सुन्नी चांद कमेटियों के अध्यक्षों को भी सम्मानित किया। कन्वेंशन के अध्यक्ष सिराज मेहदी ने केजीएमयू के मेडिसिन विभाग में प्रोफेसर डॉ. कौसर उस्मान, एरा चिकित्सा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अब्बास मेहदी, केजीएमयू के प्रोफेसर डॉ. राजीव गर्ग और मेदांता अस्पताल के डॉ. विपुल प्रकाश को सेवाओं के लिए स्मृति चिह्न भेंट किया। शायरों ने महफिल में चार चांद लगा दिए। इस अवसर पर जस्टिस कमर हसन रिजवी, शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैफ अब्बास और मरकजी चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली, पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री डॉ. अम्मार रिजवी, पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व डीजीपी जावीद अहमद आदि मौजूद रहे।