लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी में शुक्रवार रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। इसके अलावा गुडंबा, बीकेटी व बीबीडी इलाके में हुए सड़क हादसों में भी तीन लोगों की मौत हो गई।
सरोजनीनगर के बदालीखेड़ा निवासी अमित कुमार (36) शुक्रवार रात स्कूटी से शहीद पथ होते हुए घर जा रहे थे। सुशांत गोल्फ सिटी में अहिमामऊ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अमित को पुलिस ने एपेक्स ट्राॅमा-2 में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया था। सुशांत गोल्फ सिटी थाने की पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर अमित के पिता नवीन की तहरीर पर केस दर्ज किया है। अमित प्राइवेट नौकरी करते थे। उनके परिवार पत्नी डाॅली व पांच बच्चे हैं। पिता के अनुसार हादसे के वक्त अमित ने हेलमेट लगा रखा था।
इसके अलावा हरदोई के मन्नापुर निवासी छोटू (23) गोमतीनगर के मिठाई वाले चौराहे पर मिठाई की दुकान में रहकर नौकरी करते थे। उनके पिता राजू के मुताबिक बृहस्पतिवार रात छोटू साथी टीटू व एक अन्य दोस्त के साथ शादी में गए थे। देर रात लौटते समय गुडंबा में मुंशी पुलिया के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे छोटू सड़क पर गिरे और उनके सिर में गंभीर चोट आ गई। जबकि छोटू के दोनों साथी मामूली रूप से घायल हुए। छोटू को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार अप्रैल में छोटू की शादी होने वाली थी। हादसे के वक्त उन्होंने हेलमेट लगा रखा था।
इसी तरह बीबीडी के नूरपुर गांव निवासी संदीप सिंह (30) चिनहट के देवा रोड स्थित एक फैक्टरी में काम करते थे। शनिवार सुबह वह बाइक से फैक्टरी जा रहे थे। तभी किसान पथ पर अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने संदीप को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बीबीडी पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संदीप के भाई अतुल सिंह ने बीबीडी थाने में केस दर्ज कराया है।
वहीं, बीकेटी के पहाड़पुर निवासी रमेश (50) कार शोरूम में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। 24 फरवरी को ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर लौटते वक्त बख्शी का तालाब में तेज रफ्तार पिकअप डाला ने साइकिल में टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल रमेश को ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार देर रात उनकी मौत हो गई। रमेश के परिवार में पत्नी किरन व चार बच्चे हैं।