राजाजीपुरम। बाजारखाला की ऐशबाग रेलवे कॉलोनी निवासी शिवानी (17) ने आत्महत्या कर ली। वह नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) की तैयारी कर रही थी।
इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि शिवानी ने इंटरमीडिएट के बाद नीट के लिए आवेदन किया था। उसकी परीक्षा 21 जून को होनी थी। मंगलवार देर रात उसने अपने कमरे में पंखे से फंदा लगा लिया। रात करीब तीन बजे मां बीना ने बेटी का शव देखा। परिजन उसे रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शिवानी मूलरूप से पटना, बिहार की रहने वाली थी। उसके पिता रंजीत कुमार रेलवे में टीटी हैं और चारबाग स्टेशन पर तैनात हैं। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद शिवानी के पिता के सहयोगियों ने बताया कि शिवानी ने हाल में हुई नीट में भाग लिया था, उसका पेपर अच्छा हुआ था। इससे वह काफी उत्साहित थी। अचानक पेपर रद्द होने से वह अवसाद में थी। वहीं, परिजनों ने भी दबी जुबान में पढ़ाई के दबाव को आत्महत्या की वजह बताया, लेकिन इसके अलावा वे कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हुए। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।