रायबरेली। नगर निकाय चुनाव के बाद जिला योजना समिति के सदस्य पदों के लिए शनिवार को नामांकन प्रक्रिया शुरु हुई। तीन पदों पर चार दावेदारों ने परचा दाखिल किया। नामांकन जमा करने के बाद परचों की जांच कराई गई। जांच में सभी परचे वैध मिले। नामांकन प्रक्रिया कलेक्ट्रेट स्थित डीएम न्यायालय में हुई। न्यायिक मजिस्ट्रेट शिखा संखवार के पास दावेदारों ने परचा जमा किया।
सहायक निर्वाचन अधिकारी (नगरीय एवं पंचायतें) आरके शुक्ला ने बताया कि जिला योजना समिति के तीन सदस्यों के लिए चुनाव होगा। महिला, अनुसूचित जाति और पिछड़ी जाति के लिए एक-एक पद आरक्षित हैं। शनिवार को महिला पद पर पुष्पा देवी, शबिस्ता बृजेश, अनुसूचित जाति पद पर राजकुमारी, पिछड़ी जाति के पद पर राघवेंद्र सिंह सूर्यंवंशी ने नामांकन पत्र जमा किया। जांच में सभी प्रत्याशियों के परचे वैध पाए गए हैं। 21 जून को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकते हैं। 25 जून को सुबह आठ बजे से तीन बजे तक मतदान होगा। इसी तीन अपरान्ह तीन बजे मतगणना शुरू होगी। उन्होंने बताया कि एक नगर पालिका और नौ नगर पंचायतों में निर्वाचित सभासद जिला योजना समिति के सदस्य पदों के लिए मतदान करेंगे।