लखनऊ। कथावाचक की पहली पत्नी को प्रसाद में जहर देकर जान से मारने की कोशिश में पीजीआई पुलिस ने चार आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार किया है। पीड़िता ने पति की दूसरी पत्नी, देवर, देवरानी और सास पर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी।
इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक, आरोपियों में पीड़िता का देवर कानपुर का पनकी निवासी संदीप कुमार, उसकी पत्नी रुचि, सास प्रतापगढ़ के लालगंज अझारा निवासी गायत्री व कथावाचक की दूसरी पत्नी पीजीआई के एल्डिको उद्यान की तृषा शुक्ला है। इनके खिलाफ बिजनौर में रायल सिटी फेज दो में रहने वालीं माधुरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
माधुरी के पति रामरूप तिवारी कथावाचक हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि माधुरी को देवर संदीप व अन्य घरवाले पसंद नहीं करते थे। तृषा भी पीड़िता को रास्ते से हटाना चाहती थी। ऐसे में तृषा ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर माधुरी की हत्या की साजिश रची थी। इसके तहत बीते दो मार्च को संदीप माधुरी के घर पहुंचा था। अपनी पत्नी से मिलाने के बहाने उन्हें कालिंदी पार्क ले गया, वहां सास गायत्री ने संदीप से कुछ खाने का सामान लाने को कहा था। कुछ देर बाद संदीप व अपना मुंह ढककर तृषा प्रसाद में जहरीला पदार्थ मिलाकर पहुंची थीं। प्रसाद खाते ही माधुरी की तबीयत खराब हो गई थी। सूचना पर पहुंचे माधुरी के जेठ ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया था, वहां माधुरी को पता चला था कि उन्हें जहरीला पदार्थ दिया गया था।