लखनऊ। यूपी के पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी के भाई दिनेश को ग्रीन गैस कनेक्शन के नाम पर झांसा देकर ठगों ने उनके खाते से 1.49 लाख रुपये निकाल लिए। गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी दिनेश ने बताया कि 21 सितंबर को वह भाई उपेंद्र के विभूतिखंड स्थित घर पहुंचे थे। दोपहर में उनके पास अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। फोन कर्ता ने खुद को ग्रीन गैस कंपनी का कर्मी बताते हुए मीटर अपडेट कराने की बात कही। कॉल के दौरान उनका मोबाइल हैक कर आरोपी ने उनके एक अकाउंट से एक लाख और दूसरे से 49 हजार रुपये निकाल लिए। मेसेज आने पर दिनेश को घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की। इसके बाद उन्होंने विभूतिखंड थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की तफ्तीश साइबर सेल कर रही है।