लखनऊ। दुबग्गा इलाके में शुक्रवार देर रात बाइक से जा रहे पूर्व बीडीसी सदस्य को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह ट्रक ने फंसकर करीब 200 मीटर तक घिसटते चले गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मलिहाबाद के सिरगामऊ गांव निवासी पूर्व बीडीसी सदस्य राजेश कुमार यादव (33) ट्रांसपोर्ट नगर में विवो मोबाइल कंपनी के वेयर हाउस में नौकरी करते थे। शुक्रवार देर रात वह बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में आलमबाग चौराहे के पास गांव का ही शिवम मिल गया। दुबग्गा में शिवम बाइक से उतर गया। इसके बाद राजेश घर की तरफ जा रहे थे।
तभी अंधे की चौकी स्थित हमसफर मैरिज लॉन के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। राजेश ट्रक के अगले हिस्से में फंसकर करीब 200 मीटर तक घिसटते चले गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। राजेश हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस ने राजेश की पहचान कर परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजेश के परिवार में पत्नी, बेटी आराध्या (8) और आशी (6) हैं।
इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने बताया कि मृतक के भाई रजनीश यादव की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हादसा करने वाले ट्रक के बारे में पता लगाया जा रहा है।