लखनऊ। फैजुल्लागंज क्षेत्र के केशवनगर और नंदपुरम इलाकों में बुधवार को बुखार के बढ़ते मामलों को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने फॉगिंग कराई। नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने बताया कि फैजुल्लागंज द्वितीय के अंतर्गत आने वाले इन इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। कूड़ा निस्तारण, नालियों की सफाई और जलभराव की रोकथाम प्राथमिकता पर किए जा रहे हैं। क्षेत्र के निवासियों से उन्होंने अपील की है कि वे अपने आसपास सफाई बनाए रखें। पानी जमा न होने दें और किसी भी प्रकार के बुखार या बीमारी की स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।