लखनऊ में मौसम खराब, जयपुर से आ रहा विमान दिल्ली भेजा
राजधानी में मौसम खराब होने से बुधवार सुबह जयपुर से आ रही फ्लाइट को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया।
मौसम ठीक होने पर दो घंटे बाद विमान को वापस लखनऊ लाया गया। वहीं, दिल्ली से लखनऊ आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को निरस्त कर दिया गया।
एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआई-9691 ने जयपुर से सुबह 5.55 बजे लखनऊ के लिए उड़ान भरी।
हालांकि, राजधानी में हो रही बारिश के चलते विमान को रास्ता बदलना पड़ा। कुछ देर हवा में चक्कर लगाने के बाद फ्लाइट को एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने डायवर्ट करने के निर्देश दिए।
विमान को बीच रास्ते ही दिल्ली की ओर मोड़ दिया गया, जहां विमान सुबह 7:30 बजे उतरा। इसके बाद एयर इंडिया प्रशासन ने यात्रियों को बस में बिठा दिया।
विमान को मौसम ठीक होने के बाद सुबह 11 बजे लखनऊ लाया गया। इसके अलावा लखनऊ रूट के कई विमान बरेली भी डायवर्ट किए गए।
दूसरी ओर अमौसी एयरपोर्ट पर मौसम खराब होने से दिल्ली से सुबह 7.55 बजे टेकऑफ करने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-992 को निरस्त कर दिया गया।