बाइक से टक्कर के विरोध पर हमला, पांच घायल
गुडंबा। विकासनगर की सबौली सब्जी मंडी निवासी गुफरान ने बाइक की टक्कर के विरोध पर परिवार पर हमला करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। गुफरान के मुताबिक, सात अक्तूबर की शाम करीब 7:30 बजे दुकान से घर जाते वक्त सुनील होटल के सामने आयुष राजपूत की बाइक उनकी गाड़ी से टकरा गई। विरोध पर आयुष ने मारपीट शुरू कर दी। कॉल कर अपने भाई शुभम, अभिषेक राजपूत, पिता सरजू प्रसाद, उज्ज्वल, नीरज और चार-पांच अन्य लोगों को बुला लिया। सभी लाठी-डंडा लेकर पहुंचे और गुफरान पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बहनें खुशबू व मुस्कान पर भी हमला कर दिया। खुशबू के सिर में चोट आई है। यही नहीं, गुफरान की मां आलिका खातून और मौसी रूबी को भी पीट दिया। एसओ विकासनगर आलोक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।