रायबरेली। परिवहन निगम ने रामभक्तों को अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए विशेष बंदोबस्त किया है। प्राण प्रतिष्ठा के बाद सीधे अयोध्या के लिए 11 बसों का संचालन शुरू किया गया है। पहली बस सुबह साढ़े चार बजे अयोध्या के लिए रवाना होगी। दोपहर तीन बजे अयोध्या से आखिरी बस रायबरेली के लिए आएगी।
ऐसे में रामभक्त सुबह अयोध्या जाकर भगवान राम के दर्शन करके शाम को लौट भी सकते हैं। यह सुविधा शुरू होने के बाद भक्तों में खासा उत्साह दिख रहा है। रायबरेली डिपो में वर्तमान समय में निगम व अनुबंधित 151 बसें संचालित हैं। अन्य मार्गों की तरह अयोध्या मार्ग पर पिछले कई महीने से पांच बसों का संचालन हो रहा था।
एक बस लखनऊ होते हुए तो चार बसें सुल्तानपुर के रास्ते अयोध्या पहुंच रहीं थी। भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अब रायबरेली डिपो ने बसों की संख्या बढ़ा दी है। अब रोजाना 11 बसों का संचालन अयोध्या मार्ग पर शुरू हुआ है। इसमें 10 बसें सुल्तानपुर होते हुए तो एक बस जगदीशपुर के रास्ते अयोध्या आ-जा रही है। भक्तों को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
अयोध्या हाईवे बनने से मिलेगी राहत
रायबरेली-अयोध्या हाईवे को चमकाने का काम चल रहा है। हाईवे पर काम होने के कारण दूसरे रूटों से बसों का संचालन हो रहा है। ऐसे में करीब पौने 200 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ रही है। हाईवे के पूर्ण हो जाने के बाद अयोध्या के लिए सीधे बसें चलेंगी। इससे अयोध्या और रायबरेली के बीच मात्र 100 किलोमीटर की दूरी तय करके भक्त भगवान राम के दर्शन कर सकेंगे। किराया भी कम देना होगा।
बसों में रामधुन सुन रहे यात्री
अयोध्या मार्ग पर संचालित रोडवेज की सभी बसों में रामधुन बजाई जा रही है। भगवान राम से जुड़े गाने और भक्ति गीत ही बजाने के निर्देश दिए गए हैं। चालकों-परिचालकों को रामभक्तों से प्रेम से बात करने और उन्हें हर तरह की सुविधा भी देने के निर्देश दिए गए हैं।
अयोध्या मार्ग पर 11 बसों का संचालन शुरू किया गया है। सुबह साढ़े चार बजे पहली बस रवाना की जा रही है। भक्तों की संख्या बढ़ने पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। प्रयास किया जा रहा है। रामभक्तों को भगवान राम के दर्शन के लिए समस्याओं का सामना नहीं करना पड़े।
-एमएल केसरवानी, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक