नसीराबाद (रायबरेली)। नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे भैरव मजरे छतोह गांव में मंगलवार को शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। चार घरों की नकदी समेत दो लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की मदद से आग बुझाई गई। आग बुझाने में एक व्यक्ति का हाथ झुलस गया।
भैरव का पुरवा मजरे छतोह गांव निवासी सूरजपाल सिंह के घर में शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पड़ोस के अशोक कुमार सिंह, विजय सिंह, राम सजीवन के घर को भी आग ने चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी।
आननफानन में सलोन से फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने में अशोक का हाथ झुलस गया। आग बुझाने में फायर सर्विस प्रभारी मनीराम सरोज, गोपीचंद्र मिश्र, धीरेंद्र प्रताप सिंह, अरविंद कुमार मौजूद रहे।