सआदतगंज के नूरबाड़ी में बुधवार देर रात एक मकान में आग लग गई। आग दूसरी मंजिल पर लगी थी। उस वक्त परिवार के तीन सदस्य सो रहे थे। तीनों को किसी तरह स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने बाहर निकाला। अग्निशमन टीम के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया। नूरबाड़ी में रहने वाले मुनव्वर हुसैन परचून की दुकान चलाते हैं। उनके परिवार में पत्नी, बहू और पांच साल के पोता है। मुनव्वर के घर बुधवार की रात शब्बेदारी की मजलिस हो रही थी। रात करीब तीन बजे उनकी पत्नी ने ऊपरी मंजिल में बने किचन में चाय बनाने के लिए चूल्हे पर बर्तन चढ़ाया था। जिस समय किचन में आग लगी उस वक्त मुनव्वर, उनकी बहू व पोता ऊपरी मंजिल पर थे। किचन से धुआं निकलते देख मुनव्वर ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर कश्मीरी वार्ड के पार्षद लाइक आगा भी मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से आग बुझाना शुरू किया। प्रभारी निरीक्षक बृजेश यादव के मुताबिक, हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। मुनव्वर के मुताबिक, आग की चपेट में आने से डेढ़ लाख रुपये का सामान जल गया।