महानगर सेक्टर-सी स्थित सचिवालय कॉलोनी में बने जिम में सोमवार रात एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जिम संचालक ने लपटों पर काबू पाने का प्रयास किया, पर एसी के कंप्रेशर में धमाके से आग ने विकराल रूप ले लिया।
इससे उसका हाथ और पैर झुलस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने दो गाड़ियों की मदद से आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। इस दौरान दो सिपाही झुलस गए।
विज्ञापन
सचिवालय कॉलोनी में इंदिरानगर निवासी परवीन आलिया का मकान है। इसमें एक जिम, कैफे और कोचिंग संचालित है। सोमवार रात जिम में लगे एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जिम संचालक अजय पांडेय ने लपटों पर काबू पाने के लिए प्रयास शुरु किया तो एसी के कंप्रेशर में हुए तेज धमाके से अजय का हाथ और पैर झुलस गया।
कोचिंग संचालक नासिर जमाल भी पहुंच गए। आग बुझाने में सिपाही संजय पांडेय झुलस गए और मनीष के हाथ में चोट लग गई। दमकलकर्मी दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे और दो गाड़ियों की मदद से लपटों पर काबू पाया। एफएसओ हजरतगंज राम कुमार रावत के मुताबिक, घटना के दौरान जिम में संचालक के अलावा कोई मौजूद नहीं था।
फायर उपकरण तक नहीं, 10 मिनट लगा दरवाजा तोड़ने में
मकान में आग से बचाव के लिए अग्निशमन उपकरण तक नहीं थे। फायर एग्जिट तक नहीं थी। संकरा रास्ता होने से दमकल कर्मियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यही कारण रहा कि दमकल कर्मियों को दरवाजा तोड़ने में करीब 10 मिनट तक लग गए। इसके बाद सारे शीशे तोड़कर धुआं निकाला गया।