बहराइच शहर के छावनी मोहल्ला स्थित बंसल ड्रग एजेंसी में शुक्रवार तड़के अचानक लगी आग से करोड़ों की दवाएं राख हो गईं। सूचना के करीब दो घंटे बाद पहुंची दमकल आग पर काबू भी नहीं पा सकी थी कि टैंक का पानी खत्म हो गया। हालात बेकाबू होते देख एसएसबी और एनडीआरएफ की टीमें बुला ली गई हैं। दोनों टीमें दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग पर काबू करने की कोशिश में जुटी हैं। तीन मंजिला मकान में रखे चार सिलेंडर एक के बाद एक तेज धमाकों के साथ फटे। व्यवसायी का परिवार सुरक्षित है।