सरोजनीनगर। ट्रांसपोर्टनगर स्थित फॉल्स सीलिंग मैटीरियल के गोदाम में शनिवार को आग लग गई। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने तीन गाड़ियों की मदद से तीन घंटे में लपटों पर काबू पा लिया। एफएसओ सुमित जादौन के मुताबिक गोदाम में आग कैसे लगी यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
ट्रांसपोर्टनगर स्थित पार्किंग संख्या-7 के पास चितरंजन वर्मा की दो मंजिला इमारत हैं। प्रथम तल पर हिमांशु अरोड़ा का हैदराबाद केमिकल नाम से दवा का गोदाम है, जबकि भूतल पर राजेश गर्ग का फॉल्स सीलिंग मैटीरियल गोदाम है। सुबह सात बजे दवा गोदाम से धुआं निकलते देख अफरा-तफरी मच गई। राजेश ने अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी।
दमकल कर्मी जब गोदाम में घुसे तो धुएं के कारण सांस लेना दूभर हो गया। उन्होंने खिड़की के कांच तोड़कर मशीन से धुआं निकाला। तब पता चला कि आग फॉल्स सीलिंग के गोदाम में लगी थी, जिसका धुंआ दवा गोदाम में भर रहा था। ऐसे में कर्मी भूतल पर बने गोदाम में शटर तोड़कर दाखिल हुए। इसके बाद तीन घंटे में आग पर काबू पा लिया।