रायबरेली। शहर के अति व्यस्ततम बाजार सुपर मार्केट में रविवार दोपहर को शाॅर्ट-सर्किट से कैनरा बैंक कॉम्प्लेक्स में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि थोड़ी देर में ही पूरा सुपर मार्केट धुएं के गुबार से भर गया। आग कॉम्प्लेक्स के जूता और चाय समेत अन्य सामग्री के गोदाम में लगी थी। धुएं का गुबार उठने से लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के घटनास्थल पर न पहुंचने से व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त रहा। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में किया। आग से करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान का अनुमान है।
त्योहार के दौरान रविवार को शहर में खासी भीड़ थी। लोग खरीदारी कर रहे थे। दोपहर करीब सवा 12 बजे सुपर मार्केट में स्थित कैनरा बैंक कॉम्प्लेक्स के जूता गोदाम में सबसे पहले आग लगी। इसके बाद आग राघव मुरारका की चाय, कंप्यूटर, फोटोकॉपी, प्रतिभागियों को दी जाने वाली शील्ड व मेडल की दुकान व गोदाम में आग लगी। पहले तो आसपास के दुकानदार कुछ समझ नहीं पाए, लेकिन जब धुएं का गुबार अचानक बाहर आने लगा तो पूरी मार्केट में हड़कंप मच गया।
लोगों में भगदड़ मच गई। दुकानदार अपनी दुकान छोड़कर बाहर निकल आए। मामले की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी गई। इसपर दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दोनों गोदामों में रखा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि रविवार होने के कारण कॉम्प्लेक्स के ऊपरी हिस्से में बनी दुकानें बंद थीं। व्यापारी राघव मुरारका ने बताया कि उनकी दुकान व गोदाम में आग लगी थी। उनका करीब 80 से 90 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
वहीं, जूता गोदाम में भी 10 लाख रुपये की क्षति हुई है। इस दौरान राघव मुरारका के आंखों में आंसू आ गए। कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में मदद की। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शार्ट-सर्किट के चलते आग लगी थी। मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया गया। कोई जनहानि नहीं हुई।
पूरे घटनाक्रम की हो जांच
उद्योग व्यापार मंडल रायबरेली उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री एवं जिलाध्यक्ष पंकज मुरारका ने बताया कि आग की घटना से दुकानदारों को बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है। यह घटना दुखद है। जिला प्रशासन को पीड़ित व्यापारियों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। आग से दुकानदारों की रोजी-रोटी छिन गई है। इस पूरे घटनाक्रम की जांच भी होनी चाहिए।