लखनऊ। विकासनगर में व्यवसायी प्रद्युमन पाठक की आत्महत्या के मामले में पिता ने अज्ञात के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र और खुदकुशी के लिए उकसाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है। व्यवसायी ने खुद को गोली मार ली थी। थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि मूल रूप से जौनपुर के परसथ गांव निवासी अनिरुद्ध कुमार पाठक अभी मुंबई में रहते हैं। उनका बेटा प्रद्युमन पाठक (35) पत्नी अर्पिता के साथ गोमतीनगर के अलकनंदा अपार्टमेंट के फ्लैट में रहकर व्यवसाय करता था। अनिरुद्ध ने बताया कि 15 जनवरी की शाम 7:30 बजे अर्पिता ने फोन कर सूचना दी कि प्रद्युमन की विकासनगर के डीएस सेक्टर एन-1 क्षेत्र स्थित एक घर में गोली लगने से मौत हो गई है। अनिरुद्ध ने आरोप लगाया कि बेटे की मौत में कुछ लोगों की भूमिका है। थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस जांच कर साक्ष्य जुटा रही है।