लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के कृष्णालोक कॉलोनी में रहने वाली लखनऊ पब्लिक स्कूल साउथ सिटी की छात्रा की फीनिक्स मॉल के पास पोल में करंट आने से मृत्यु हो गई थी। मामले को विधायक राजेश्वर सिंह ने प्रमुखता से उठाया तथा मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया गया। साथ ही नगर विकास मंत्री एके शर्मा से मामले में कठोर कार्रवाई का आग्रह किया गया। पोल पर एलईडी फिटिंग करने वाली फर्म ईईएसएल को समुचित इन्सुलेटेड टेपिंग नहीं करने का दोषी पाया गया तथा फर्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि त्वरित राहत के रूप में परिजनों को छह लाख रुपये का मुआवजा प्रदान किया जा रहा है। इसके अलावा नगर निगम के जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध भी जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी।