लखनऊ। प्रतापगढ़ की ट्रैफिक पुलिस लाइन में तैनात सिपाही शिवम गुप्ता के खिलाफ आशियाना थाने में दुष्कर्म और अश्लील वीडियो व फोटो वायरल करने का केस दर्ज किया गया है। आरोपी सिपाही ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर जाल में फंसाया था। काफी समय तक वह उसके साथ लिव इन में भी रहा था।
आशियाना इलाके में रहने वाली एक युवती ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसका चार साल से पति से विवाद चल रहा है। इसके चलते वह पति से अलग रहकर प्राइवेट अस्पताल में नौकरी कर गुजारा कर रही है। युवती के मुताबिक दो साल पहले उसकी मुलाकात प्रतापगढ़ की ट्रैफिक पुलिस लाइन में तैनात सिपाही शिवम गुप्ता से हुई थी। शिवम ने उससे दोस्ती की और पति से तलाक कराकर शादी करने की बात कही। इसके बाद शिवम युवती को साथ लेकर रहने लगा। आरोप है कि इस दौरान शिवम ने कई बार न सिर्फ उसके साथ दुष्कर्म किया बल्कि अश्लील वीडियो व फोटो भी बना लिए।
युवती का आरोप है कि अश्लील वीडियो व फोटो से ब्लैकमेल कर शिवम ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर कई बार पिटाई भी की।कुछ दिनों पहले युवती को पता चला कि शिवम किसी अन्य युवती से शादी करने जा रहा है। युवती का आरोप है कि विरोध करने पर सिपाही शिवम ने उसका अश्लील वीडियो परिजनों व रिश्तेदारों को भेज दिया।
आरोप है कि चार नंबर को आरोपी शिवम जबरन पीड़िता के कमरे में घुस आया। पीटा और चाकू से धमकाकर सादे स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर कराकर भाग गया। युवती ने गहने व 20 हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है। युवती की तहरीर पर आशियाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी सिपाही शिवम गुप्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर का कहना है कि विवेचना कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।