- साइबर जालसाजों ने तीन अन्य लोगों को लगाई 2.26 लाख की चपत
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। घर बैठे फिल्म रेटिंग की नौकरी के नाम पर जालसाजों ने युवक अनमोल व्यास को 8.20 लाख रुपये की चपत लगा दी। पीड़ित ने मंगलवार को विभूतिखंड थाने में केस दर्ज कराया है। इसके अलावा साइबर ठगों ने महिला व्यापारी समेत तीन लोगों से 2.26 लाख रुपये ठग लिए।
विभूतिखंड के विभवखंड निवासी अनमोल व्यास के अनुसार, छह अप्रैल को टेलीग्राम एप पर एक मैसेज आया। इसमें घर बैठे फिल्म रेटिंग का काम करने पर कमीशन दिए जाने की बात थी। जालसाजों ने बताया कि इस काम के लिए कुछ रुपये लगाने होंगे और रकम बढ़ाकर कमीशन के साथ दी जाएगीा। शुरुआत में जालसाजों ने मुनाफा भी दिया। इस तरह जाल में फंसाया और बड़ा काम करने के नाम पर अनमोल से 8.20 लाख रुपये ठग लिए गए।
डालीबाग निवासी सौम्या सिंह आर्टवर्क करती हैं। 25 फरवरी को उनके पास अनजान कॉल आई और सैन्यकर्मी बनकर जालसाज ने आर्टवर्क का ऑर्डर दिया। ऑनलाइन पेमेंट की बात कहते हुए क्यूआर कोड भेजा। इसे स्कैन करने पर पीड़िता के खाते से पांच बार में करीब 60 हजार रुपये कट गए। वहीं, आलमबाग के चंदरनगर निवासी राजवीर सिंह आनंद के अनुसार, टेलीग्राम एप पर उन्हें एक मैसेज मिला। इसमें ट्रेवल एजेंसी के लिए रेटिंग वर्क करने पर रुपये देने की बात कही गई थी। इसके बाद जालसाजों ने रजिस्ट्रेशन कराने से लेेकर अन्य कई मतों ने उनसे 71 हजार रुपये ठग लिए। गोमतीनगर के विनीतखंड निवासी अक्षत स्वरूप के खाते से जालसाजों ने करीब 95 हजार रुपये निकाल लिए।