- कारोबारी की संपत्ति बंधक रखवाकर लगाया चूना
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। जालसाजों ने कारोबारी की संपत्ति बंधक रखवाकर 50 करोड़ का लोन कराने के नाम पर 60 लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित ने सात लोगों के खिलाफ इंदिरानगर थाने में केस दर्ज कराया है। आरोपियों में वीरेंद्र कुमार, सचिन श्रीवास्तव, शाम तलरेजा, श्रीमती इंद्रजीत सिंह, कृष्ण कुमार सिंह उर्फ गुरु, रंजीत पांडेय, दीपक ठाकुर है।
प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह के मुताबिक, इंद्रप्रस्थनगर निवासी प्रवीण कुमार वर्मा फर्नीचर के कारोबारी हैं। उन्होंने हिमालयन इंटरप्राइजेज के नाम से फर्म खोल रखी है। प्रवीण के मुताबिक, कोविड में नुकसान होने के चलते लोन नहीं भर सके थे। जनवरी 2021 में गौतमपल्ली के जियामऊ निवासी वीरेंद्र कुमार फर्नीचर खरीदने गए। बातचीत के दौरान कहा कि मुंबई निवासी उनके एक परिचित निजी फाइनेंस का काम करते हैं। लोन के लिए संपत्ति गिरवी रखने की बात कही।
प्रवीण के मुताबिक, वीरेंद्र ने बातचीत कर लोन कराने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान प्रवीण की संपत्ति के कागजात भी हासिल कर लिए। आरोप है कि ठग वीरेंद्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई बार में से उनसे करीब 60 लाख रुपये ठग लिए।