- इंस्टाग्राम पर लाइक व फॉलो करने, ऑनलाइन जॉब दिलाने व कस्टमर केयर कर्मचारी बन की ठगी
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। साइबर जालसाजों ने तीन लोगों के खातों से 5.72 लाख रुपये साफ कर दिए। ठगों ने इंस्टाग्राम पर लाइक व फॉलो करने, ऑनलाइन जॉब दिलाने व कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर ठगी की। पीड़ितों ने जानकीपुरम, बिजनौर व ठाकुरगंज थाने में केस दर्ज कराया है।
बिजनौर के छुआराखेड़ा निवासी अजय कुमार के व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया। इसमें इंस्टाग्राम पर लाइक व फाॅलो कर रुपये कमाने का ऑफर दिया गया था। 10 लाइक पर 700 रुपये अजय के खाते में भेजे। इसके बाद पांच हजार रुपये का स्क्रीन शॉट्स भेजा। कहा कि 35 हजार रुपये भेजने पर ही रुपये मिलेंगे। एक-एक कर 1.38 लाख रुपये खाते से पार कर दिए।
जानकीपुरम गार्डन निवासी अश्वनी कुमार गुप्ता के मुताबिक, उन्होंने अमेजन पर मोबाइल खरीदा। मोबाइल में कुछ खराबी थी। इसके चलते कारण कस्टमर केयर नंबर पर कॉल की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। नेट से अमेजन का कस्टमर केयर नंबर निकालकर 24 फरवरी को कॉल की जो ठग का निकला। शातिर ने शिकायत दर्ज कराने के लिए 10 रुपये ऑनलाइन भरने का निर्देश दिया। इसके बाद चार बार में खाते से 24 मार्च को 1.35 लाख रुपये निकल गए।
वहीं, ठाकुरगंज के लोधपुरवा निवासी सै. अली कौसर के मुताबिक, 21 फरवरी को व्हाट्सएप पर ऑनलाइन नौकरी का मैसेज आया। नौकरी इंसाइडर स्टेटजी ब्रांडिंग लि. में लगने की बात कही। इसके बाद वेबसाइट लिंक भेजा। इस पर साइन करते ही खाते से 2.99 लाख रुपये ले लिए गए। जालसाजों ने दोबारा 3.92 लाख की मांग की तो ठगी का अहसास हुआ।