लखनऊ। कृषि व स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 13 लोगों से 32.50 लाख रुपये ठगे जाने का केस अलीगंज थाने में दर्ज किया गया है। ठगी का आरोप पिता-पुत्र समेत चार लोगों पर लगा है। गोसाईंगंज के हसनापुर निवासी अभिषेक कुमार के मुताबिक, आशियाना के सियाराम वर्मा और उनके बेटे ललित पुराने परिचित हैं। वर्ष 2021 में सियाराम ने मित्र अलीगंज निवासी डाॅ. समरजीत बनर्जी के बारे में बताया।
जानकारी दी कि उनकी कृषि व स्वास्थ्य विभाग में अच्छी पकड़ है। विभागों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की भर्ती निकलनी है। समरजीत की मदद से नौकरी दिला सकते हैं। इसमें 2.50 लाख का खर्च आएगा। अभिषेक, रामप्रताप गुप्ता, अजीत कुमार, विपिन कुमार, शैलेंद्र कुमार, देशराज, रामबरन, अंकित कुमार, गंगाराम, शिव प्रताप सिंह निवासी रायबरेली, सुधीर कुमार निवासी बाराबंकी, मोहित और अवनीश कुमार पांडेय ने सियाराम, ललित व समरजीत से मुलाकात की।
आरोपियों ने बताया कि कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक शिखा गुप्ता की मदद से नौकरी मिल जाएगी। आरोपियों ने सभी से रुपये ले लिए और नियुक्ति को लेकर टालमटोल करने लगे। ठगी का अहसास होने पर पीड़ितों ने एफआईआर दर्ज कराई।