मोहनलालगंज। बीएसएनएल कार्यालय में मंगलवार को आधार कार्ड बनाने के दौरान एक कर्मचारी से कुछ लोगों का विवाद हो गया। दोनों पक्षों में धक्का मुक्की शुरू हो गई। कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया। इससे नाराज लोगों ने मोहनलालगंज तहसील के बाहर प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की है। नायब तहसीलदार अनुपम वर्मा वहां पहुंचे और सभी को शांत कराया।
पुलिस के मुताबिक बीएसएनएल कार्यालय में नया आधार बनाने व पुराना अपडेट करने का काम चल रहा था। कार्यालय पर 150 लोग आए थे। कर्मचारी ने एक नाम पुकारा। एक ही नाम होने से पांच साल की बच्ची व एक युवती पहुंच गए। दो लोगों का आधार कार्ड बनाने में गड़बड़ी हो गई। हंगामा शुरू हो गया। इसी बीच एक युवक का कर्मचारी से विवाद हो गया था।
कस्बा पुलिस चौकी इंचार्ज वीर बहादुर दुबे ने बताया कि मामले को लेकर एक महिला ने तहरीर दी है। वहीं, बीएसएनएल के कर्मचारी ने अपने अधिकारियों से अनुमति मिलने पर तहरीर देने की बात कही है।