लखनऊ। हजरत अली सिर्फ मुसलमानों के लिए नहीं बल्कि हर मजहब के मानने वालों के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने लोगों को दुश्मनों से भी प्रेम करने का पैगाम दिया है। वह कहते थे कि अपने दुश्मन के साथ भी अच्छा सुलूक करो वो तुम्हारा दोस्त बन सकता है। ये बातें मौलाना हबीब हैदर ने मंगलवार को हैदरी मस्जिद कमेटी की ओर से ‘जश्न-ए-मौला अली’ शीर्षक से सजी महफिल में कहीं। हजरत अली के जन्म दिवस पर आयोजित महफिल का आगाज तिलावते कुराने पाक से कारी गुलरेज नकी ने की। उलमा ने हजरत अली की शिक्षाओं को आम करने पर जोर दिया। इस मौके पर शायर आमिर फैजाबादी, नवाब अख्तर, मजहर नूरी जलालपुरी सैयद फरमान अली सुल्तानी, सैयद अकबर अली, अली मेहंदी तुराबी, गजन्फर अब्बास, हुसैन अली और रेहान अली ने अपने कलाम के जरिये नजराना-ए-अकीदत पेश की।