लखनऊ। अलीगंज निवासी पूनम बिष्ट (59) की 30 जुलाई को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह बाबू केडी सिंह स्टेडियम में कनिष्ठ सहायक थीं।
पूनम के भतीजे शुभेंद्र के अनुसार, चाची मूलरूप से रायबरेली की रहने वाली थीं। पूनम के पति देवेंद्र प्रताप मानसिक रूप से बीमार हैं और रायबरेली में ही रहते हैं। पूनम ने अपनी देखभाल के लिए केयरटेकर गुड्डू को रखा था। 30 जुलाई को गुड्डू ने चाचा को फोन पर पूनम की तबीयत खराब होने और निजी अस्पताल में भर्ती कराने की सूचना दी। उसने 15 लाख रुपये का खर्च बताकर फोन काट दिया और दोबारा संपर्क नहीं किया। रविवार रात एक परिचित ने परिवार को पूनम की मौत की सूचना दी। बलरामपुर अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि शव तीन दिन से वहां पड़ा था। गुड्डू 30 जुलाई को ही पूनम को छोड़कर भाग गया था। इंस्पेक्टर अलीगंज ध्रुव कुमार सिंह का कहना है कि परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।