लखनऊ। विभूतिखंड इलाके में बैंक की महिला अधिकारी की मंगलवार दोपहर दफ्तर में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बहनोई ने बीमारी से मौत होने का दावा किया है। हालांकि, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
वजीरगंज के जीवन बेग लेन की रहने वाली सदफ फातिमा (45) एचडीएफसी बैंक के टेलीफोनिक चैनल में असिस्टेंट वाइस प्रेसीडेंट के पद पर कार्यरत थीं, उनके पास टीम मैनेजर का भी पद था। मंगलवार सुबह वह दफ्तर में बने ट्रेनिंग सेंटर आईं थीं और उनका चैंबर तीसरी मंजिल पर है। दोपहर करीब एक बजे अन्य सहकर्मियों संग लंच करने सेकेंड फ्लोर पर स्थित कैफेटेरिया पहुंचीं। यहां वह बेहोश होकर गिर गईं। सहकर्मी उन्हें लोहिया अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस पर परिजन और विभूतिखंड पुलिस भी पहुंच गई। इंस्पेक्टर विभूतिखंड सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की सही वजह स्पष्ट होगी। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है।
बहनोई का कहना कुछ दिन से थी बीमार
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद सदफ के बहनोई महजर ने बताया कि वह कुछ दिन से बीमार थीं। तीन दिन पहले भी उनकी तबीयत खराब होने पर केजीएमयू के लारी ले जाया गया था, वहां उपचार के बाद छुट्टी दे दी थी। परिवार में पिता इशरत अली की पहले ही मौत हो चुकी है। घर में मां कनीज और बहन सादिया हैं। बताया कि वह सब लोग कश्मीर घूमने का प्लान बना रहे थे। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजन तो पोस्टमार्टम भी नहीं कराना चाहते थे, पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि वह दवा खाती थी, पर पुलिस को इस बात का पता नहीं है कि उनको बीमारी कौन सी थी। वहीं, पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद सदफ के साथ काम करने वाले लोगों के बीच चर्चा रही कि उन पर काम का अधिक दबाव था, पर इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। न ही इस पर कोई कुछ बोलने को तैयार था।