रायबरेली-महराजगंज। बारिश न होने से जिले में सूखे जैसे हालत हो रहे हैं। न तो नहरों में भरपूर पानी आ रहा है और न ही बिजली मिल पा रही है। शहर में जहां बिजली की ट्रिपिंग लोगों को रुला रही है, वहीं ग्रामीण क्षेत्र में लो वोल्टेज और अघोषित कटौती से लोगों की नींद उड़ी है। लाइनों में फॉल्ट से घंटों बिजली गुल रहती है। महराजगंज क्षेत्र में फॉल्ट से आठ घंटे बिजली गुल रही।
पिछले 15 दिनों से बिजली की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। मौजूदा समय में बिजली की मांग 405 मेगावाट पहुंच गई है। लो वोल्टेज के चलते एसी, कूलर, पंखे ठीक से काम नहीं कर रहे है। किसानों के नलकूप भी क्षमता से बहुत कम पानी उगल रहे हैं। महराजगंज क्षेत्र के चंदापुर उपकेंद्र से निकले चंदापुर फीडर में मऊ गांव के पास बिजली की लाइन पर पेड़ की डाल गिर गई।
दौतरा के गांव में लाइन पर एक पक्षी के चिपक जाने से रात 11 बजे से सुबह सात बजे तक बिजली गुल रही। इससे करीब 20 हजार आबादी बेहाल रही। चंदापुर निवासी ऋषि सिंह, अमन सिंह, मऊ गांव के भोलू सिंह, रानू सिंह, आनंद कुमार, मुरैनी के हिमांशु सिंह, राहुल यादव, डोमापुर के अभय सिंह, दौतरा के कुलदीप सिंह ने बताया कि बिजली कटौती से धान की रोपाई और सिंचाई नहीं हो पा रही है। अघोषित कटौती से 18 घंटे में महज आठ से 10 घंटे बिजली मिल रही हैं। अधीक्षण अभियंता विवेक कुमार सिंह ने बताया कि लोकल स्तर पर कोई कटौती नहीं हो रही है। अघोषित कटौती पावर ग्रिड से की जाती है।
आषाढ़ बीता, झमाझम बारिश का इंतजार
हलोर-जगतपुर। आषाढ़ का महीने बीत गया, लेकिन अब तक झमाझम बारिश नहीं हुई है। इससे किसान परेशान हैं। हलोर, पुरासी, अलीपुर, कुसुढ़ी सागरपुर, कोटवा मोहम्मदाबाद, बारी गोहन्ना, हिलहा के किसान बिना पानी धान की रोपाई नहीं कर पाए हैं। किसान इंद्रदेव शुक्ला, गंगासागर पांडेय, संत कुमार चौधरी, रविराज सिंह, सिकंदर सिंह, सुशील शुक्ला, शीतला प्रसाद मिश्रा, संतोष सिंह ने बताया कि नहरों में पानी नहीं आ रहा है।
बिजली भी किसानों को रुला रही है। यदि यही हालात रहे, तो किसान धान की रोपाई नहीं कर पाएंगे। उधर, जगतपुर ब्लॉक क्षेत्र में लो वोल्टेज के चलते निजी नलकूप नहीं चल पा रहे है। सुभाष सिंह, बसंत बाजपेयी ने बताया कि नहरों में पानी नहीं आ रहा है। वोल्टेज इतना कम है कि नलकूप नहीं चलने से खेत फसल सूख रही है।