लखनऊ। सरोजनीनगर स्थित कैप्टन मनोज पांडेय सैनिक स्कूल में 17 वर्षीय इंटर के छात्र ओम गुधौलिया की मौत के मामले में परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और प्रिंसिपल पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
परिजनों ने सवाल उठाया कि ओम अपनी कक्षा के करीब 18 छात्रों के साथ शाम को स्विमिंग पूल में नहाने गया था तो उसको डूबते हुए किसी ने क्यों नहीं देखा, जबकि उस वक्त कोच, लाइफ गार्ड सहित अन्य लोग वहां मौजूद थे। वहीं, जांच के दौरान पुलिस को 10 मिनट के लिए सीसीटीवी कैमरा बंद मिला।
उरई न्यू पटेल नगर जालौन रोड के रहने वाले ओम के पिता मनोज ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि वह बेटे का अंतिम संस्कार करने के बाद लौटेंगे और उच्चाधिकारियों से मिलकर पूरे मामले की जांच की मांग करेंगे।
मनोज ने बताया कि वह अयोध्या में सीआरपीएफ में एसआई के पद पर तैनात हैं। ओम उनका इकलौता बेटा था। ओम की मौत से बहन काव्या और मां सौरवी का रो-रो कर बुरा हाल था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से जान जाने की पुष्टि हुई है। उसका पूरा शरीर नीला पड़ गया था। डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रखा है।
दस मिनट बंद रहा सीसीटीवी कैमरा
इंस्पेक्टर सरोजनीनगर शैलेंद्र गिरी के मुताबिक, छात्र ओम की मौत के मामले में स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया गया। शाम के वक्त छात्र सहपाठियों के साथ पूल में नहाते नजर आया। इस बीच अचानक लाइट चली गई और 10 मिनट के लिए सीसीटीवी कैमरा बंद हो गया। इसके बाद छात्र कैमरे में नजर नहीं आया। अब सवाल उठ रहा है कि कैमरे का बंद होना और उसी दौरान छात्र का डूबना इत्तेफाक है या कोई साजिश। इंस्पेक्टर का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। तहरीर नहीं मिली है।
खाना खाने नहीं पहुंचा तो शुरु हुई तलाश
छात्र ओम शुक्रवार रात 8:30 बजे जब मेस नहीं पहुंचा तो उसकी खोजबीन शुरू हुई। रजिस्टर चेक किया गया तो ओम के बाहर जाने की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद स्विमिंग पूल के पास लोग पहुंचे तो ओम का शव पूल के सबसे अधिक 22 फीट गहरे हिस्से के पास उतराता मिला।
शासन ने लिया संज्ञान, अपर मुख्य सचिव ने किया दौरा
मामले का संज्ञान शासन ने भी लिया है। अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा दीपक कुमार व मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने शनिवार को कॉलेज का दौरा किया। उन्होंने घटना के बारे में पूरी जानकारी ली। स्वीमिंग पूल पर घटनास्थल का मुआयना किया। सीसीटीवी फुटेज देखी। छात्रों से बात कर पूरा वाकया समझा। कॉलेज प्रशासन ने आंतरिक जांच कराए जाने की जानकारी भी अधिकारियों को दी।
स्कूल ने गठित की जांच कमेटी, अगर मिली लापरवाही तो होगी कार्रवाई
स्कूल प्रशासन ने जांच कमेटी का गठन किया है। प्रिंसिपल राजेश राघव का कहना है कि शुक्रवार को छात्र ओम शाम चार से सात बजे के बीच होने वाली स्विमिंग क्लास के लिए पूल पर गया था। रात में खाने के टाइम जब वह गायब मिला तो तलाश शुरू की गई। छात्र पूल में मिला। फौरन ही छात्र के शव को बाहर निकाला और सूचना पुलिस को दी। स्कूल प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मुहैया कराई है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद छात्र का शव स्कूल लाया गया और शोक सभा का आयोजन किया गया। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव चले गए। प्रिंसिपल का कहना है कि किसी की लापरवाही सामने आती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।