गदागंज (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में रविवार रात बेकाबू डंपर ने साइकिल सवार तीन लोगों को रौंद दिया। इसमें लकड़ी ठेकेदार और उसकी बेटी की मौत हो गर्ई। उसका चार वर्षीय बेटा जख्मी हो गया। हादसे की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेते हुए वाहन को कब्जे में ले लिया है।
गदागंज थाना क्षेत्र के धमधमा गांव निवासी अयाज (35) लकड़ी ठेकेदार था। रात आठ बजे बेटी असलिफा (8), बेटा जीशान (5) के साथ किसी काम के सिलसिले में ऊंचाहार-डलमऊ राजमार्ग पर गांव स्थित चौराहा पर गया था। काम निपटाने के बाद साइकिल पर बच्चों को बैठाकर घर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही वह गांव की तरफ मुड़ा, वैसे ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी।
इससे तीनों सड़क पर गिर गए और डंपर के पहियों के चपेट में आ गए। साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रक मुराईबाग से ऊंचाहार की तरफ जा रहा था।
आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचते और घायलों को अस्पताल पहुंचाते, तब तक अयाज व उसकी बेटी की मौत हो चुकी थी। घायल बेटे को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अयाज की पत्नी शाहीन बानो समेत अन्य परिजन रह-रहकर रो पड़ते हैं। कहते हैं कि यह सब कैसे हो गया। पत्नी की जुबांं पर एक ही बात है कि कुछ देर पहले ही अयाज बच्चों को लेकर चौराहा पर गए थे। कहा था कि जल्द घर लौटकर आ रहे हैं। पता नहीं यह सब कैसे हो गया।
थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बछरावां क्षेत्र के किचौली गांव निवासी चालक राममिलन को हिरासत में लेते हुए वाहन को कब्जे में लिया गया है। अयाज की पत्नी की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।