रायबरेली। रायबरेली और फतेहपुर के बीच आने-जाने वाले लोग इस बार बरसात में पीपे के पुल से नहीं, बल्कि पक्के पुल से फर्राटा भरते हुए निकलेंगे। क्योंकि ऊंचाहार क्षेत्र के तीर का पुरवा मजरे खरौली गंगा घाट पर 1064.83 मीटर पक्के पुल का निर्माण हो चुका है। अब पुल को जोड़ने के लिए एप्रोच मार्ग का निर्माण कराया जाना है। दोनों तरफ एप्रोच बनने दो महीने का वक्त लग सकता है। जून महीने से पुल से आवागमन शुरू हो जाएगा।
गंगा नदी पर बनाया गया पुल रायबरेली की तरफ खरौली-ऊंचाहार मार्ग को जोड़ेगा, जबकि फतेहपुर की तरफ खागा-नौबस्ता मार्ग को जोड़ेगा। फतेहपुर की तरफ 1850 मीटर एप्रोच मार्ग बनाया जाएगा, जिस पर मिट्टी के बाद गिट्टियां बिछाने का काम चल रहा है। इसी तरह रायबरेली की तरफ 550 मीटर एप्रोच मार्ग बनाया जाएगा, जिस पर मिट्टी भराई का काम चल रहा है। सेतु निगम के अधिकारियों का दावा है कि जून महीने तक दोनों तरफ एप्रोच मार्ग बना लिए जाएंगे।
दाल, सब्जी, धान, गेहूं, समेत अन्य उत्पादों की सबसे बड़ी मंडी फतेहपुर जिले के अल्लीपुर में है। यहां से लोग खरीददारी करने जाते हैं। यहां तक पहुंचने के लिए लोगों को डलमऊ होते हुए फतेहपुर, खागा होकर मंडी तक पहुंचना पड़ता है। इसके लिए 50 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। अब पुल बन जाने से यह दूरी महज 20 किलोमीटर हो जाएगी।
लोहे के पुल को बनाने की नहीं पड़ेगी जरूरत वैसे तो ऊंचाहार क्षेत्र के तीर का पुरवा मजरे खरौली गंगा घाट पर लोक निर्माण की ओर से हर साल लोहे के पीपों का पुल का अस्थाई निर्माण कराया जाता है। इस पुल से छोटे चार पहिया वाहन जैसे कार, पिकअप, मैजिक के अलावा बाइक और साइकिल सवार लोग निकलते हैं, लेकिन बरसात के दिनों में गंगा का जलस्तर बढने पर इस पुल को हटा लिया जाता है। इसके बाद लोग जान जोखिम में डालकर नाव से आते-जाते हैं।