बदहाल सड़क और जलभराव से परेशान किसानों का धरना
लखनऊ। लालजी टंडन वार्ड के अंधे की चौकी पर रविवार को किसानों ने सड़क खराब होने के मुद्दे पर धरना दिया। यहां पुलिस चौकी के पीछे स्थित सड़क पर गंदे पानी का जलभराव, टूटी सड़क और जर्जर नालियों ने जनजीवन दूभर कर दिया है। भारतीय किसान मजदूर यूनियन (दशहरी) के बैनर तले ग्रामीणों ने सड़क पर दरी बिछाकर धरना प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि बार-बार शिकायत के बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने किसानों से संवाद किया। इसके बाद नगर निगम जोन-6 के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार और अवर अभियंता रमन सिंह धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने पंप सेट लगाकर जलभराव खत्म कराया, गड्ढों में गिट्टी भरवाई और सड़क पर सीमेंट के पाइप डलवाकर अस्थायी रूप से आवागमन दुरुस्त कराया। अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि जल निकासी के लिए नाले का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है और लोक निर्माण विभाग से सड़क का निर्माण कराया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त किया, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं होगी, तो दोबारा धरना दिया जाएगा।
बदहाल सड़क और जलभराव से परेशान किसानों का धरना
बदहाल सड़क और जलभराव से परेशान किसानों का धरना