लखनऊ। काकोरी के बड़ागांव निवासी किसान श्रवण कुमार (43) की मंगलवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के वक्त उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था।
इंस्पेक्टर सतीश राठौर के मुताबिक, श्रवण के भाई मनोज ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे वह पत्नी रिंकी को लेने साढ़ू के घर टेडवा गांव जा रहे थे। डम्मरखेड़ा और बाबूरिया खेड़ा गांव के बीच अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें ट्रामा सेंटर ले गई और उनके मोबाइल से परिजनों को हादसे की जानकारी दी। इलाज के दौरान श्रवण की मौत हो गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। श्रवण के परिवार में पत्नी रिंकी, बेटा शिवांश और बेटियां सुनैना व नैना हैं।