बंथरा के रामदासपुर गांव में सुबह ट्रैक्टर चालक बाल गोविंद (50) की हत्या कर दी गई। हत्यारों ने शव को ट्रैक्टर के पास कुछ दूरी पर फेंक दिया। शव गांव के बाहर सड़क पर खून से लथपथ हालत में मिला। कुछ दूरी पर उसका ट्रैक्टर भी था। भाई बालरूप ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। बालगोविंद की मौत सिर पर चोट लगने से हुई । जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम ने की।
परिवारीजनों ने बताया कि बालगोविंद सोमवार रात करीब नौ बजे पड़ोसी गांव सादुल्लानगर निवासी सुरेश रावत के साथ सादुल्लानगर चौराहे पर चाय पीते देखा गया। इसके बाद वह घर नहीं आया। मंगलवार सुबह उसका शव गांव के बाहर ओमप्रकाश के खेत के पास कच्ची सड़क पर मिला। राहगीर की सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने पुलिस को हत्या की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू की तो सोमवार देर शाम बालगोविंद सादुल्लानगर निवासी सुरेश रावत के साथ होने की बात सामने आई। प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत ने सुरेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस के मुताबिक सुरेश और बालगोविंद चाय पीने के बाद सूर्यदास की कुटिया स्थित सुरेश के घर गये। वहां दोनों ने शराब पी। बालगोविंद ज्यादा नशे में था, जिसके कारण सुरेश खुद ट्रैक्टर चलाकर उसे घर छोड़ने के लिए जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, सुरेश ने पूछताछ में बताया कि ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया, जिससे बाल गोविंद नीचे गिर गया। ट्रैक्टर से गिरते ही उसके कानों से खून निकलने लगा।
मौत के पहले किया था संघर्ष
पोस्टमार्टम में सिर पर किसी भारी सामान से चोट लगने के कारण मौत की बात सामने आई है। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी मिले। परिवारीजनों ने पुलिस पर मामले को दबाने का आरोप लगाया।