डीह (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के सीतापुर मजरे डीह गांव में भंडारा कार्यक्रम में हवन के दौरान धुआं निकलने पर मधुमक्खियां भड़क गईं। मधुमक्खियों के दंश से एक बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि छह लोग जख्मी हो गए।
सीतापुर मजरे डीह गांव में एक सप्ताह पूर्व दो बंदरों की मौत हो गई थी। इसे लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने भंडारे का आयोजन किया था। भंडारे से पहले हवन किया जा रहा था। हवन से निकले धुआं के चलते अचानक पेड़ लगी मधुमक्खियां भड़क उठीं।
मधुमक्खियों के दंश से 65 वर्षीय रतीपाल निवासी सीतापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी डीह पहुंचाया गया जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में रतीपाल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं अवधेश, रानी देवी, नीरज, मोहनलाल, कप्तान व हीरामणि घायल हुए हैं। रतीपाल की मौत से पत्नी माया देवी समेत अन्य परिजनों में कोहराम मचा है। थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि मधुमक्खियों के डंक मारने से एक बुजुर्ग की मौत हुई है।