गुड़ंबा। मड़ियांव में खुद को पुलिसकर्मी बताकर दो युवकों ने 60 वर्षीय महिला से कान की बालियां उतरवाईं और लेकर भाग गए। श्रीनगर कॉलोनी निवासी शारदा शर्मा के मुताबिक, वह सोमवार दोपहर बैंक से लौट रही थीं। ओलंपियाड जिम के पास दो युवकों ने उन्हें रोककर क्षेत्र में लूट की घटनाओं का हवाला दिया और बालियां पहनने पर आपत्ति जताई। उन्होंने बताया कि बालियां तांबे की हैं, फिर भी युवकों ने उन्हें उतारने के लिए कहा। इसके बाद बालियां कागज की पुड़िया में लपेटकर उन्हें दे दीं। आरोप है कि युवकों ने उन्हें कुछ सुंघा दिया, जिससे वह कुछ देर के लिए बेसुध हो गईं। इसी दौरान आरोपी पुड़िया लेकर भाग निकले। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।