विधि विश्वविद्यालय की दोबारा लिखित परीक्षा पांच अक्तूबर से
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की बीएएलएलबी की दोबारा लिखित परीक्षा पांच से 16 अक्तूबर तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. मनीष सिंह ने इसका शिड्यूल जारी कर दिया है। इसे विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के निर्देशों के तहत परीक्षा ऑनलाइन कराई जाएगी। परीक्षा में 2015- 2020 बैच के छात्र शामिल होंगे। इसमें वे छात्र शामिल होंगे जिन्होंने पहले किसी कारणवश परीक्षा नहीं दी थी। इसके अलावा वे छात्र भी इस परीक्षा में बैठ सकते हैं जो पूर्व की परीक्षा में प्राप्त अंकों से संतुष्ट नहीं हैं। छात्रों को उनके मेल पर प्रश्न पत्र भेजा जाएगा। छात्र अपने निर्धारित विषय व पेपर पैटर्न के आधार पर परीक्षा देंगे। छात्रों को उत्तर कॉपी में लिख कर उसे स्कैन करके विश्वविद्यालय प्रशासन को ईमेल द्वारा भेजना होगा, जिस विषय का पेपर वे देंगे उसको कॉपी पर अंकित करेंगे।