लखनऊ विश्वविद्यालय में स्नातक में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा आज से
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय शैक्षणिक सत्र 2025-26 में दाखिले के लिए शनिवार से स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाएं शुरू कर रहा है। परीक्षाएं 12 जुलाई तक चलेंगी। इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। डीफार्मा में 365 और बीएससी एग्रीकल्चर कोर्स में 839 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। प्रवक्ता प्रो. दुर्गेश श्रीवास्तव ने बताया कि पहली पाली में सुबह 10.30 से 12 बजे तक डीफार्मा कोर्स की प्रवेश परीक्षा होगी। दूसरी पाली में दोपहर 2.30 से 4 बजे तक बीएससी एग्रीकल्चर विषय की प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। अभ्यर्थी को प्रवेश शुरू होने से एक घंटे पहले केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। दो फोटोग्राफ, प्रवेश पत्र की कॉपी, पहचान पत्र और आरक्षण संबंधी दस्तावेज की मूल कॉपी लानी होगी। सभी अभ्यर्थी गेट नंबर 1,2,3,4 व 7 से प्रवेश करेंगे। किसी तरह का इलेक्ट्राॅनिक उपकरण मोबाइल, घड़ी आदि नहीं लाएंगे। अन्यथा परीक्षा से बाहर कर दिया जाएगा। प्रवेश परीक्षा में 100 प्रश्न पूछे जाएंगे, इसके लिए 90 मिनट का समय दिया जाएगा। किसी तरह की निगेटिव मार्किंग नहीं होगी, एक प्रश्न दो अंकों का होगा। कुलानुशासक प्रो. राकेश द्विवेदी ने बताया कि परीक्षा अवधि परिसर में सभी तरह के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित होगा।