फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: कर्मचारी हड़ताल पर सिपाही-दारोगा संभाल रहे बिजलीघर, राजधानी के शहरी व ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था चरमराई, तीन लाख से अधिक उपभोक्ता हुए प्रभावित

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। बिजलीकर्मियों की बृहस्पतिवार रात से शुरू 72 घंटे की प्रदेशव्यापी हड़ताल से शुक्रवार को राजधानी के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई। करीब तीन लाख उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। उधर, अभियंताओं व कर्मचारियों के हड़ताल पर जाते ही उपकेंद्रों से बिजली चलाने की कमान दारोगा, सिपाही, लेखपाल और प्रशिक्षुओं ने संभाल ली। कई जगह बिजली न आने से नाराज लोग उपकेंद्र पहुंचे तो दारोगा आदि ने अंदर से तालाबंदी कर ली। उधर, कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से उपकेंद्रों पर बिल भी नहीं जमा हुए। संविदाकर्मियों के भी हड़ताल में कूदने से हालात और खराब रहे। लोगों ने एसडीओ, जेई को कॉल किया तो नंबर बंद पाए गए। चिनहट, इंदिरानगर, जानकीपुरम, विकासनगर, त्रिवेणी नगर, ठाकुरगंज, सहादतगंज, ऐशबाग, राजाजीपुरम, आलमबाग, कृष्णानगर आदि इलाकों में देर रात तक संकट रहा।
विज्ञापन


देर रात तक आती-जाती रही बिजली
सीतापुर रोड निवासी राजेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह 7:15 बजे अचानक बत्ती गुल हो गई। उपकेंद्र पर कॉल किया तो बताया गया कि 33 केवी लाइन में फॉल्ट आया है। इससे उपकेंद्र के आठ हजार से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली बाधित हो गई। बताया गया कि एसडीओ, जेई के हड़ताल पर जाने से संकट दूर करने में परेशानी हो रही है। निशातगंज की चौथी गली निवासी विजय यादव ने बताया कि सुबह छह बजे गई बिजली दस बजे तक न आने से पीने के पानी का संकट हो गया। उपकेंद्र पर शिकायत करने गए तो जवाब मिला जब कर्मचारी आएंगे तब बिजली चालू होगी।
मुकरीमनगर के आरके जोशी ने बताया कि डालीगंज इक्का स्टैंड और लखनऊ विश्वविद्यालय उपकेंद्र से सुबह सात बजे गुल हुई बिजली कई बार सूचना देने पर भी नौ बजे तक चालू नहीं हो सकी थी। न्यू हैदराबाद निवासी उमेश पाटिल ने बताया कि सुबह 7:30 से 11:30 और शाम चार से रात आठ बजे तक बड़े हिस्से में बिजली संकट रहा। अलीगंज के जसपाल सिंह ने बताया कि पुरनिया उपकेंद्र के तहत अधिकतर इलाकों में दोपहर बाद से बिजली आपूर्ति ठप रही।
विज्ञापन


इन इलाकों में भी रहा बिजली संकट
इंदिरानगर, सीतापुर रोड, चिनहट, देवा रोड, नौबस्ता, इटौंजा, बीकेटी, सहारा स्टेट जानकीपुरम, विकासनगर सेक्टर-चार, दुबग्गा, जेहटा, मोहान रोड, मोहनलालगंज, उतरेटिया, बंथरा, राजाजीपुरम, हुसैनाबाद, ठाकुरगंज, बालागंज, डालीगंज, पन्ना लाल रोड, निरालानगर, अलीगंज, महानगर, आलमबाग, पांडेयगंज, डालीबाग आदि।

कारोबार पर भी पड़ा व्यापक असर
बिजली गुल होने का असर अलीगंज, अमीनाबाद में कारोबार पर भी पड़ा। अमीनाबाद के सराफा कारोबारी नेता विशाल निगम ने बताया कि फतेहगंज रोड पर सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक बिजली गुल रहने से कारोबार प्रभावित हुआ।


हड़ताली संविदाकर्मियों को बर्खास्त करने की तैयारी
मध्यांचल निगम प्रबंधन ने बताया कि चेतावनी के बाद भी जो संविदाकर्मी हड़ताल में शामिल हुए, उन्हें बर्खास्त किया जाएगा। इसके लिए सभी अधिशासी एवं अधीक्षण अभियंताओं से इनकी रिपोर्ट मांगी गई है।

मोहनलालगंज में उपकेंद्र का घेराव
मोहनलालगंज इलाके में बिजली गुल होने से पानी का संकट हो गया। इससे नाराज लोग ओल्ड उपकेंद्र का घेराव करने पहुंच गए। इसकी सूचना पर मुख्य अभियंता सिस गोमती जोन संजय जैन निरीक्षण करने पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को जल्द बिजली चालू कराने का आश्वासन देकर शांत कराया। देर रात इलाके में बिजली आ गई। इससे पहले पूरनपुर पावर हाउस में लगे फीडर शुक्रवार शाम तक बंद हो गए थे। इससे सिसेण्डी, भदेसुवा, गोपालखेडा, पुरसेनी समेत पूरे इलाके में अंधेरा छा गया था। रहीमाबाद उपकेंद्र के दोनों फीडरों की सुबह तीन घंटे आपूर्ति बाधित रहने से 148 गांव प्रभावित रहे।

हड़ताल का यह भी पड़ा असर
- जमा नहीं हो सके बिल, 10 करोड़ रुपये के राजस्व पर पड़ा असर।
- एक-एक उपकेद्र पर उपभोक्ताओं की 10 से 15 शिकायतें लंबित।


बिजली न आए तो इन नंबरों पर बताएं
- गोमतीनगर : 0522-4101401
- मध्यांचल निगम : 0522-2209627, 9415099256, 8004011536
- कॉल सेंटर : 1912
- अमर उजाला के व्हॉट्सएप नंबर 7617566164 पर सिर्फ मैसेज भेजें।

दस लाख की आबादी ने झेला पानी संकट
बिजली आपूर्ति बाधित होने से ठप हुए जोनल पंपिंग स्टेशन
माई सिटी रिपोर्टर

लखनऊ। बिजलीकर्मियों की हड़ताल का शहर की पेयजल आपूर्ति पर भी असर दिखा। जोन एक, दो और तीन में बिजली गुल रहने से दो घंटे तक पानी की सप्लाई बंद रही। इससे करीब 10 लाख की आबादी को सुबह और शाम पीने के पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। बिजली गुल रहने से उन लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी, जिनके घरों में सबमर्सिबल हैं।
पूर्व पार्षद शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि लाला लाजपत राय वार्ड के अलीगंज सेक्टर एन व उसके आसपास के इलाके में सुबह पांच से देर शाम तक बिजली आूपर्ति बंदरही। इससे पानी का संकट बना रहा। लोगों को दूसरे इलाकों से पानी के कैन लादकर लाने पड़े।
जलकल महाप्रबंधक रामकैलाश ने बताया कि जानकीपुरम विस्तार के सेक्टर-जे में पाइप लाइन टूट गई। यह क्षेत्र अभी एलडीए के पास है। वही इसका रखरखाव करता है। जब तक मरम्मत होगी, तब तक जलकल टैंकर से पानी की आपूर्ति करेगा। शुक्रवार को दो टैंकर लगवा दिए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें