रायबरेली। जिले में रिक्त प्रधान के दो, क्षेत्र पंचायत सदस्य के नौ और ग्राम पंचायत सदस्यों के 88 पदों को भरने के लिए मंगलवार को उपचुनाव की घोषणा कर दी गई। इसके लिए 22 जुलाई को नामांकन के बाद छह अगस्त को मतदान व आठ अगस्त को मतगणना होगी। संबंधित 17 ब्लॉकों के लिए आरओ और एआरओ नियुक्त कर दिए गए हैं।
क्षेत्र पंचायत सदस्यों की मौत के बाद जिले में अमावां ब्लॉक के बंदीपुर, डलमऊ ब्लॉक के बरस, डीह ब्लॉक के कचनावां प्रथम, दीनशाह गौरा ब्लॉक के मेलखा साहब प्रथ्कम, बछरावां ब्लॉक के सेहंगो पश्चिम गांव प्रथम, रोहनियां ब्लॉक के इटौरा बुजुर्ग अष्टम, लालगंज ब्लॉक के बहाई प्रथम, सरेनी ब्लॉक के मुरारमऊ और धनपालपुर प्रथम के बीडीसी पद रिक्त हैं।
इसके अलावा सरेनी ब्लॉक के कोडरा औक्र महराजगंज ब्लॉक के जमुरावां प्रधान के पद भी रिक्त हैं। जिले में ग्राम पंचायत सदस्य के 88 पद खाली हैं। सभी पदों को भरने के लिए चुनाव की घोषणा की गई है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) आरके शुक्ला ने बताया कि 22 जुलाई तक नामांकनपत्र जमा होने के बाद 23 जुलाई को इनकी जांच होगी। 24 जुलाई को उम्मीदवारी वापसी के बाद प्रतीक आवंटन किया जाएगा। छह अगस्त को मतदान के बाद आठ अगस्त को संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों पर मतगणना होगी।
18 जुलाई को चुनाव के लिए सार्वजनिक सूचना जारी की जाएगी। समय सारिणी के मध्य पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों पर भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित समय सारिणी के अनुसार कार्यवाही होगी।