सहकारी ग्राम्य विकास बैंक के सभापति और उपसभापति के पद के लिए बुधवार को चुनाव होंगे। मौजूदा समीकरणों के देखते हुए दोनों पदों पर भाजपा का कब्जा होना लगभग तय है। लंबे अर्से बाद बैंक की प्रबंध समिति में मुलायम सिंह यादव परिवार का कोई सदस्य नहीं होगा। सभापति और उपसभापति पदों की चुनाव प्रक्रिया बुधवार को ही पूरी की जाएगी।
सभापति और उपसभापति का चुनाव बैंक के 14 डायरेक्टरों में से ही होता है। मतदान भी डायरेक्टर ही करते हैं। चूंकि ज्यादातर डायरेक्टर भाजपा के हैं। ऐसे में भाजपा का सभापति और उपसभापति होना तय माना जा रहा है।
संतराज हो सकते हैं सभापति
सभापति और उपसभापति के चुनाव के लिए भाजपा के संतराज और विधायक केपी मलिक प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। इनमें संतराज को सभापति और मलिक को उपसभापति बनाए जाने की संभावना है। चुनाव प्रक्रिया सुबह 8.30 बजे मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ शुरू होगी। मतदाता सूची पर 9 से 9.30 बजे के बीच आपत्तियां दी जा सकेंगी। आपत्तियों का निस्तारण 9.30 से 10.30 बजे के बीच करके मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।
निर्विरोध चुनाव की संभावना
पूर्वाह्न 11 से दोपहर 12 बजे के बीच नामांकन दाखिल होंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 से 12.30 बजे के बीच करके उम्मीदवारों की अंतिम सूची का प्रकाशित की जाएगी। दोपहर 2 बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। जरूरी हुआ तो अपराह्न 3 बजे से मतदान कराया जाएगा। मतदान की समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना कराकर नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। हालांकि जानकार निर्विरोध निर्वाचन की संभावना जता रहे हैं।