लखनऊ। लखनऊ बार के वार्षिक चुनाव कराने के लिए हाईकोर्ट की ओर से बनाई गई एल्डर्स कमेटी के सदस्य मुख्य चुनाव अधिकारी बनाने के मुद्दे पर दो फाड़ होकर आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने कैसरबाग थाने में केस दर्ज कराया है।
मामले में पहली रिपोर्ट एल्डर्स कमेटी के सदस्य दुर्गा चरण जोशी ने 17 जून को दर्ज कराई। इसमें उन्होंने बताया कि वह 12 जून को एल्डर्स कमेटी के सदस्य के तौर पर बार के छोटे कमरे में गए थे, वहां मौजूद शिव शंकर अवस्थी का पोता प्रशांत अवस्थी, निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश पांडेय, मारुत शर्मा, सुमेर चंद्र रावत, मो. उमर समेत अन्य लोगो ने अरविंद कुमार को मुख्य चुनाव अधिकारी बनाने के मुद्दे पर उनके साथ मारपीट की। अरविंद कुमार ने रिवाॅल्वर निकाल कर जानमाल की धमकी दी।
दूसरी ओर, एल्डर्स कमेटी के अन्य सदस्य शिवशंकर अवस्थी ने 19 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि वह 13 जून को चुनाव कराने की बैठक में अन्य सदस्यों के साथ थे, तभी डीसी जोशी आए और कार्यवाही रजिस्टर को फाड़ने की कोशिश की और गालीगलौज करने लगे।
आरोप लगाया कि डीसी जोशी ने मुख्य चुनाव अधिकारी के लिए जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। मामले की जांच की जा रही है।