सरोजनीनगर। बंथरा थानाक्षेत्र में सोमवार दोपहर बुजुर्ग महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अन्दपुर देव निवासी ज्ञानमती (65) के पति की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है। वह बेटे रामबाबू के साथ रहती थीं। दो अन्य बेटे दीपक और गनेश प्रसाद अलग रहते हैं। बताते हैं कि ज्ञानमती सोमवार सुबह करीब 10 बजे घर में बिना कुछ बताए कहीं चली गई। काफी देर तक जब वह नहीं लौटीं तो रामबाबू ने खोजना शुरू किया। गांव से करीब आधा किमी दूर ज्ञानमती आम के पेड़ में धोती के सहारे फंदा लगाकर लटकी मिलीं। रामबाबू ने शोर मचाया तो आसपास खेतों में काम कर रहे लोग पहुंचे। इनकी मदद से रामबाबू ने मां को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस का कहना है कि खुदकुशी का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जांच की जा रही है।