सड़क पार कर रही वृद्धा की बस की टक्कर से मौत
लखनऊ। बख्शी का तालाब सि्थत सरैया बाजार में बृहस्पतिवार सुबह बस की टक्कर से सीतापुर के अचलपुर निवासी राम रानी (77) की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक राम रानी बृहस्पतिवार सुबह अचलपुर से बख्शी का तालाब स्थित वंशिका ग्रीन सोसाइटी निवासी बेटे देशराज यादव के घर के लिए निकली थीं। सुबह करीब 10:30 बजे बीकेटी में इमला माता मंदिर सरैया बाजार सवारी वाहन से पहुंची थीं। सड़क पार करने के दौरान हादसा हो गया। उनके पास से मिले दस्तावेजों के जरिये पुलिस ने उनके बेटे से संपर्क किया। इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। राम रानी के पोते अंकित यादव ने बताया कि बाबा सरदार की काफी समय पहले मौत हो चुकी है।