लखनऊ। छात्रवृत्ति घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अब हाइजिया एजूकेशन ग्रुप के तीसरे संचालक सईद इशरत हुसैन जाफरी उर्फ लकी जाफरी को भी गिरफ्तार करेगा। अधिकारियों के मुताबिक, लकी जाफरी गिरफ्तारी से बचने के लिए राजधानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती हो गया था। ईडी के अधिकारी अब अस्पताल प्रबंधन से सईद इशरत की मेडिकल रिपोर्ट मंगाने की तैयारी में है। ईडी की रिमांड पर हाइजिया के दोनों संचालकों इजहार हुसैन जाफरी उर्फ हनी जाफरी और अली अब्बास जाफरी से संपत्तियों के दस्तावेज सामने रखकर पूछताछ की गई। इसमें उन्होंने बताया कि इन संपत्तियों की खरीद-फरोख्त का जिम्मा इशरत हुसैन संभालता था।
इशरत ओरेगन एजूकेशनल सोसाइटी और हाइजिया ग्रुप का मेंबर है। वहीं, हाइजिया ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट हनी जाफरी के बयान में फिनो बैंक के कुछ और एजेंट्स के नाम भी सामने आए हैं। ये सभी हाइजिया के संचालकों के इशारे पर दूसरे कॉलेजों के फर्जी खाते खोलते थे।
उधर, संचालकों के साथ गिरफ्तार हाइजिया कॉलेज ऑफ फार्मेसी का कर्मचारी रवि प्रकाश गुप्ता लगातार खुद को निर्दोष बता रहा है। अधिकारियों ने जब उस पर लगे आरोपों की फेहरिस्त सामने रखी तो उसने चुप्पी साध ली। सूत्रों की मानें तो रवि प्रकाश फर्जी खाते खुलवाने में फिनो बैंक के एजेंट्स की मदद करता था। उसके पास से तमाम खातों की पासबुक, एटीएम कार्ड आदि बरामद होने का दावा अधिकारी कर रहे हैं।