लखनऊ। विजयदशमी का पर्व कल यानी सोमवार को मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य एसएस नागपाल के अनुसार दशहरे पर पूरे दिन रवि योग रहेगा और यह स्वयं सिद्ध अबूझ मुहूर्त भी माना जाता है। विजय मुहूर्त दोपहर 1:45 से 2:31 बजे तक रहेगा, जबकि अपराह्न पूजन का समय 12:59 से 3:16 बजे तक है। इस दौरान अपराजिता देवी, शमी वृक्ष और अस्त्र-शस्त्र पूजन का विधान है। शाम को रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों के दहन की परंपरा है। नीलकंठ दर्शन भी शुभ माना जाता है। दशहरे पर भगवान राम और मां दुर्गा की पूजा भी की जाती है।