सरोजनीनगर। कानपुर हाईवे पर रविवार देर रात गिट्टी लदा तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए हाईवे की दूसरी ओर पहुंच गया। इसके बाद करीब सौ मीटर तक आगे जाने के बाद सड़क किनारे बने नाले में पलट गया। हादसे में डंपर चालक बाल-बाल बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डंपर रविवार देर रात कानपुर की ओर से गिट्टी लादकर लखनऊ जा रहा था। बंथरा थाने से करीब एक किलोमीटर आगे पहुंचने पर आगे चल रही एक बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। बस से टक्कर से बचने के प्रयास में डंपर चालक ने हड़बड़ाहट में स्टीयरिंग घुमा दी। इससे डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर फांदते हुए हाईवे के दूसरी ओर पहुंच गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना था कि डंपर जिस समय डिवाइडर फांदकर हाईवे की दूसरी ओर पहुंचा, उस समय यदि वहां से कोई वाहन गुजर रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि दूसरी ओर कोई वाहन नहीं आया।