लखनऊ। हरदोई रोड पर शनिवार सुबह विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक और रोडवेज बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक सीट व स्टेयरिंग के बीच फंस गया, जिसे शीशा तोड़कर निकला गया। जबकि बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोट आई है।
हरदोई डिपो की रोडवेज बस शनिवार सुबह कैसरबाग से अपने डिपो जा रही थी। बस में 40 यात्री सवार थे। सुबह 11 बजे हरदोई रोड पर काकोरी में बुधड़िया गांव के पास गलत दिशा से आ रहे बालू लदे ट्रक से रोडवेज बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे आम के बाग में जा घुसा। वहीं, हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बस चालक हरदोई के सांडी निवासी अनुज कुमार उसी में फंस गए। वहीं, ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग गया। उधर से गुजर रहे बाइक सवार अधिवक्ता अक्षय पाठक व सुमित ने बस का शीशा तोड़कर चालक अनुज को बाहर निकाला।
अनुज को मामूली चोटें आई हैं। कुछ यात्री भी मामूली चोटिल हुए हैं। पुलिस ने जख्मी यात्रियों, चालक व परिचालक को काकोरी सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी। काकोरी इंस्पेक्टर नवाब अहमद के मुताबिक बस के परिचालक आलोक की तहरीर पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। ट्रक को कब्जे में लिया गया है।
वहीं, माल के अटारी गांव निवासी अतुल कुमार सिंह (23) शुक्रवार शाम सामान खरीदने के लिए बाइक से सैदापुर गए थे। लौटते समय सड़क पर अचानक सियार आ गया। अतुल ने ब्रेक लगाया तो बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई और वह सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अतुल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। अतुल के मोबाइल से पुलिस ने घरवालों को सूचना दी। छानबीन के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अतुल के परिवार में भाई आशुतोष, पिता विनोद कुमार और मां पुष्पा देवी हैं।